शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला छोटा ककरा निवासी रीता पत्नी राजेश ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने दिवंगत मामा के मकान पर अवैध कब्जा करने, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, रीता के सगे मामा रामऔतार पुत्र बहादुरराम, निवासी मोहल्ला सिंजई, अविवाहित थे। उनका 17 नवंबर 2025 को निधन हो गया। रीता का कहना है कि मामा की कोई संतान या अन्य निकट वारिस नहीं था। ऐसे में रीता तथा उनके दोनों सगे भाई ज्ञानदास और जीवनदास ही उनके वैधानिक वारिस हैं। तीनों ने ही रामऔतार का अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं।
रीता का आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद जब वे मकान की साफ-सफाई कर अपने घर लौटे, तो बाद में पता चला कि मकान पर ताला डाल दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्यामबाबू, उनके बेटे दीपक और संजीव ने जबरन मकान पर ताला डाल दिया।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि 19 जून 2026 को विरोध करने पर दीपक ने उनके पति राजेश को फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। रीता का कहना है कि इस संबंध में उनके भाई जीवनदास ने उसी दिन कोतवाली में लिखित शिकायत भी दी थी।
महिला ने आरोप लगाया है कि श्यामबाबू तथा उनके बेटे दीपक और संजीव उनसे 7.50 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और मकान पर कब्जा कर लेने की धमकी दी जा रही है।
रीता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मकान से आरोपियों द्वारा लगाया गया ताला हटवाया जाए, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंप दिया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








