पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे लुटेरे दबोचे, दोनों के पैरों में लगी गोली
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में महिला से चेन और मंगलसूत्र लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को कैंट क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट की घटना हुई थी। इस संबंध में थाना सदर बाजार में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी।
संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी मोटरसाइकिल से किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने चांदमारी बट मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम अली पुत्र जाफर अली तथा रफीक पुत्र नत्थूदीन, निवासी ठंडा नाला, गूलरभोज, थाना गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे (.315 बोर), कारतूस, एक मोबाइल फोन, लूट के सामान को बेचकर प्राप्त 21 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
महिला से चेन व मंगलसूत्र लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार
Published On:








