शाहजहांपुर। शांतिकुंज हरिद्वार से युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का दिव्य संदेश लेकर निकली ज्योति कलश रथयात्रा सोमवार को मदनापुर क्षेत्र में पहुंची, जहां श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। रथयात्रा जहां-जहां पहुंची, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ उसका भव्य स्वागत किया। पूरा क्षेत्र “हम बदलेंगे-युग बदलेगा, हम सुधरेंगे-युग सुधरेगा” के नारों से गूंज उठा।
प्रातः पूजन एवं आरती के उपरांत रथयात्रा शक्तिपीठ शाहजहांपुर से मदनापुर पहुंची, जहां रथयात्रा प्रभारी मनमोहन शर्मा, संतराम पाठक एवं गायत्री परिजनों ने श्रद्धाभाव से अखंड ज्योति का पूजन एवं स्वागत किया। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का अभिनंदन किया और ज्योति कलश के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण योजना का साहित्य वितरित किया गया। साथ ही विचार क्रांति अभियान, नशामुक्ति, नैतिकता, पारिवारिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा ‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ’ के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी एवं यात्रा प्रभारी मनमोहन शर्मा ने कहा कि पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने जीवनभर व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण का संदेश दिया। आज उन्हीं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह यात्रा गांव-गांव भ्रमण कर रही है। उन्होंने सभी से अपने जीवन में सकारात्मकता, संयम, सद्विचार और सेवा भाव अपनाने का आह्वान किया।

रथयात्रा के भव्य स्वागत के लिए मनमोहन शर्मा, प्रमोद, कौशल किशोर, चेतन सिंह, हरिदर्शन सिंह एवं रामवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजन उपस्थित रहे। इसके उपरांत हरिदर्शन सिंह एवं रामवीर सिंह के आवास पर भोजन प्रसाद एवं अल्प विश्राम के बाद यात्रा आगे बढ़ी।
सायंकाल रथयात्रा ग्राम लक्सरपुर पहुंची, जहां नीलम सिंह के आवास पर भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। नीलम सिंह ने परिवारजनों एवं गायत्री परिजनों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दीपयज्ञ का संचालन मनमोहन शर्मा, रथ सारथी राकेश, अनीता गुप्ता एवं सुधा रस्तोगी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
दीपयज्ञ के दौरान युगऋषि संदेशवाहकों ने कहा कि आज समाज को केवल बाहरी विकास नहीं, बल्कि आंतरिक जागृति और संस्कारों की भी आवश्यकता है। ज्योति कलश रथयात्रा लोगों के भीतर सकारात्मक ऊर्जा, आत्मचिंतन और सद्विचारों की अलख जगाने का माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का विचार क्रांति अभियान एक श्रेष्ठ समाज निर्माण का संकल्प है और यह यात्रा उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
रथयात्रा के साथ रथ सारथी राकेश, रानी, मीडिया प्रकोष्ठ से राहुल, मनमोहन शर्मा, संतराम पाठक, अनीता गुप्ता, सुधा रस्तोगी सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा मंगलवार को मिर्जापुर क्षेत्र में जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश देने के उपरांत देवकली से बदायूं के लिए प्रस्थान करेगी। उन्होने जानकारी देते हुए बताया गायत्री जयंती पर्व पर कल प्रातः गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा में प्रातः 6 बजे से अखण्ड जप प्रारंभ होकर सायं 6 बजे तक चलेगा ।









