मदनापुर क्षेत्र के गांवों में पहुंची ज्योति कलश रथयात्रा, पुष्पवर्षा और जयघोष से हुआ भव्य स्वागत

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। शांतिकुंज हरिद्वार से युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का दिव्य संदेश लेकर निकली ज्योति कलश रथयात्रा बुधवार को मदनापुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंची, जहां श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। रथयात्रा जहां-जहां पहुंची, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ उसका भव्य स्वागत किया तथा “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” के संकल्प को दोहराया।

प्रातः पूजन एवं आरती के उपरांत रथयात्रा कांट से निकलकर औदापुर, मीरपुर, मोहनपुर, बारीखास और करनपुर सहित विभिन्न गांवों में पहुंची। सभी ग्रामवासियों ने आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा कर अखंड ज्योति का अभिनंदन किया। ग्राम बारीखास में परिजनों ने श्रद्धाभाव से रथयात्रा का स्वागत एवं पूजन किया। इसके उपरांत अंकित जी के आवास पर भोजन प्रसाद एवं अल्प विश्राम के बाद यात्रा आगे बढ़ी।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण योजना का साहित्य वितरित किया गया। साथ ही विचार क्रांति अभियान, नशामुक्ति, नैतिकता, पारिवारिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और ‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ’ के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के अनुसार विचारों में परिवर्तन ही युग परिवर्तन का आधार है। उन्होंने कहा कि अखंड ज्योति घर-घर पहुंचकर अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, सद्बुद्धि और सकारात्मक सोच का दीप जला रही है तथा समाज में नैतिक और आध्यात्मिक जागरण की नई चेतना पैदा कर रही है।

सायंकाल ग्राम करनपुर में शिवांगी सिंह के आवास पर भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। शिवांगी सिंह ने परिवार एवं परिजनों के साथ पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किए तथा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दीपयज्ञ का संचालन मनमोहन पाठक, रथ सारथी राकेश एवं महिपाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

रथयात्रा के साथ रथ सारथी राकेश, रानी, मीडिया प्रकोष्ठ से कपूर, महिपाल एवं अन्य गायत्री परिजन उपस्थित रहे।

गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिनों में भी मदनापुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग आत्मसुधार, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और संस्कार निर्माण का संकल्प लेकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जागृत कर रहे हैं।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights