कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशीनगर पहुंचने पर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर वहां प्रदर्शित योजनाओं और उत्पादों की जानकारी भी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया तथा माताओं को सुपोषण किट वितरित कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।









