स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुआ विस्तृत विमर्श
शाहजहांपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित शहीद रामप्रसाद बिस्मिल सभागार में एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता ने की।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों के दौरान किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण, 102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवा, एएलएस एम्बुलेंस सेवा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीबी उन्मूलन अभियान तथा मातृ एवं शिशु परिवार कल्याण केंद्रों के माध्यम से आमजन को व्यापक लाभ मिल रहा है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।
संवाद कार्यक्रम में आईएमए के चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य योजनाओं और उपलब्धियों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई।








