कचहरी रोड पर यातायात व्यवस्था को लेकर निरीक्षण, सत्संग कार्यक्रम को लेकर प्रशासन सतर्क

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA

जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू व सुरक्षित बनाने तथा 14-15 अप्रैल को प्रस्तावित संत राजिंदर सिंह जी महाराज के सत्संग कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन व पुलिस अधिकारियों द्वारा कचहरी रोड सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया।

कचहरी रोड पर एडीएम रजनीश कुमार मिश्रा, एएसपी नगर देवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, सीओ ट्रैफिक संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित खड़ी दोपहिया वाहनों के कारण जाम की समस्या सामने आई, जिस पर अधिकारियों ने वैकल्पिक पार्किंग स्थल चिन्हित कर अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

पीडब्ल्यूडी तिराहे से खिरनीबाग चौराहे तक वन-वे व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने, बैरिकेडिंग व साइन बोर्ड लगाने तथा आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों की बैठक आयोजित कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई और सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण व अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आगामी सत्संग कार्यक्रम को लेकर बरेली मोड़ स्थित कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया गया, जहां भीड़ को देखते हुए पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास व सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े कर प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights