शाहजहांपुर। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का प्रकाश जन-जन तक पहुंचाते हुए ज्योति कलश रथयात्रा गुरुवार को चिनौर एवं आसपास के क्षेत्रों में पहुंची। यात्रा जहां-जहां पहुंची, वहां श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण स्वतः निर्मित होता चला गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ रथयात्रा का स्वागत कर “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” के संकल्प को दोहराया।
प्रातः गायत्री शक्तिपीठ चिनौर से पूजन एवं आरती के उपरांत रथयात्रा विभिन्न मोहल्लों से होती हुई नियामतपुर पहुंची। यहां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव के परिवार ने गायत्री परिजनों के साथ रथयात्रा का भव्य स्वागत, पूजन और आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में यात्रा में सहभागिता करते हुए युग निर्माण अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया। साथ ही विचार क्रांति अभियान के माध्यम से समाज में नैतिक जागरण, नशामुक्ति और आत्मपरिष्कार का संदेश दिया गया।
रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य व्यक्ति के भीतर छिपी दिव्यता को जगाना और समाज में सद्भाव, संस्कार एवं सेवा की भावना को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि आत्मसुधार ही युग परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है।
रथयात्रा के साथ रथ सारथी राकेश जी, मीडिया से कपूर, कमल, प्रमोद, श्रीराम, सीताराम, जीवेंद्र सिंह, माया चौहान, मुन्नी देवी, पुष्पा देवी, संतकुमार सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।

सायंकाल रामप्रसाद जी के आवास, चिनौर में भव्य दीपयज्ञ संपन्न हुआ। दीपयज्ञ में रामप्रसाद परिवार सहित तथा गायत्री शक्तिपीठ चिनौर के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी पी.के. सिंह ने ट्रस्टियों एवं परिजनों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में सद्भावना की कामना की।
दीपयज्ञ को सीताराम जी, संतराम जी एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
इस अवसर पर सीताराम जी ने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का विचार क्रांति अभियान आज भी समाज को नई दिशा दे रहा है। जब व्यक्ति अपने विचारों और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाता है, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य निर्मित होता है।
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा अगले चरण में रौजा क्षेत्र में प्रवास कर आसपास के गांवों में जनजागरण अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग नशामुक्ति, आत्मसुधार और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं। जहां-जहां रथयात्रा पहुंच रही है, वहां आध्यात्मिक चेतना का वातावरण सशक्त हो रहा है और युग निर्माण योजना को नई गति मिल रही है।









