ज्योति कलश रथयात्रा ने पुवायां के गांवों में जगाई विचार क्रांति और आध्यात्मिक ऊर्जा

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में संचालित ज्योति कलश रथयात्रा शाहजहांपुर जनपद के पुवायां क्षेत्र में दूसरे दिन गांवों में पहुंचकर जनजागरण अभियान को नई गति दे रही है। श्रद्धालुओं का मानना है कि ज्योति कलश रथयात्रा जहां-जहां से भी गुजर रही है, वहां-वहां पापों, अज्ञानता, अशुद्धियों और राक्षसी प्रवृत्तियों का नाश होकर मानवता के उदय का संदेश प्रसारित हो रहा है। यात्रा के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और विचार क्रांति की अलख जगाई जा रही है।

रथयात्रा सोमवार को इमलिया, धरमंगदपुर, इटौली, जढ़ौली, आबा, पुरैना, कटका, बनियानी तथा बेला कुटी मनकामेश्वर नाथ मंदिर सहित विभिन्न गांवों में पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। प्रातः 8 बजे इटौली में दीपयज्ञ एवं पूजन के साथ ग्रामीणों ने यात्रा का अभिनंदन किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती और पूजन के साथ यात्रा का स्वागत हुआ।

इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने गुरुदेव का संदेश देते हुए कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य कहा करते थे कि विचार क्रांति अभियान के माध्यम से ही युग परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में परिवर्तन का आधार विचारों का परिवर्तन है और जब व्यक्ति के भीतर सकारात्मक सोच और सद्बुद्धि का उदय होता है, तभी एक श्रेष्ठ समाज का निर्माण संभव होता है।

उन्होंने कहा कि अखंड दीपक घर-घर जाकर अज्ञान रूपी अंधकार को समाप्त कर ज्ञान रूपी दीप जला रहा है। यह दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि मानवता, जागृति और आत्मपरिवर्तन का संदेश लेकर चल रहा है तथा युग परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इस दौरान सभी श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया तथा सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।

सायंकाल बेला कुटी मनकामेश्वर नाथ मंदिर में भव्य दीपयज्ञ का आयोजन संपन्न हुआ। दीपयज्ञ को जिला समन्वयक सूरज वर्मा, सविता एवं रथ सारथी राकेश जी ने संपन्न कराया।

इस अवसर पर सूरज वर्मा ने ज्योति कलश रथयात्रा का उद्देश्य समझाते हुए कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि जनमानस में चेतना जगाने और श्रेष्ठ विचारों के माध्यम से समाज परिवर्तन का अभियान है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं बदलता है, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन आता है। गुरुदेव के विचार आज भी मानवता को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

ज्योति कलश रथयात्रा में प्रभारी प्रमोद गुप्ता, श्यामचरण, रथ सारथी राकेश जी सपत्नीक, मीडिया से श्याम जी कपूर, सूरज विक्रम सिंह, रामप्रसाद, शिवकुमार सहित अनेक कार्यकर्ता यात्रा के साथ उपस्थित रहे।

बताया गया कि कल ज्योति कलश रथयात्रा बंडा पहुंचकर तीन दिनों तक जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाएगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights