शाहजहांपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में संचालित ज्योति कलश रथयात्रा के दूसरे दिन खुटार क्षेत्र के विभिन्न गांवों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। रथयात्रा जहां-जहां पहुंची, वहां ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ उसका भव्य स्वागत किया। यात्रा के प्रभाव से क्षेत्र का आध्यात्मिक स्वरूप लगातार निखर रहा है और लोगों में नैतिक जागरण, सद्विचार तथा संस्कारों के प्रति विशेष रुचि बढ़ती दिखाई दे रही है।
रथयात्रा ग्राम मलिका से पूजन एवं आरती के उपरांत सौंफरी, खुटार, तिकुनिया, कुइया, लालपुर, रामपुर अटकौना, गेहूंआ, रुझाहा खुर्द तथा रुझाहा कलां सहित अनेक गांवों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का अभिनंदन किया तथा गायत्री मंत्र और युग निर्माण के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर जिला सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव एवं रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रारंभ किया गया विचार क्रांति अभियान समाज में नैतिकता, संस्कार, सद्भाव और आत्मपरिष्कार की चेतना जगाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा के माध्यम से लोगों को नशामुक्ति, कुरीतियों के त्याग, पारिवारिक एकता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यात्रा के प्रभाव से अनेक लोग व्यसन छोड़ने और आदर्श जीवन अपनाने का संकल्प ले रहे हैं, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में सामाजिक बुराइयों, तनाव और नैतिक पतन जैसी चुनौतियों का समाधान केवल विचारों की शुद्धता और आत्मचिंतन से संभव है। गायत्री परिवार का यह अभियान धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित न रहकर व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण का व्यापक आंदोलन है।
इस दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया। साथ ही सभी से विचार क्रांति अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया गया।
सायंकाल ग्राम रुझाहा कलां स्थित रुझाहा धाम सरकार आश्रम में भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। वरिष्ठ गायत्री परिजन ओमप्रकाश जी एवं आनंद पटेल ने अन्य परिजनों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि तथा समाज में सद्भावना की कामना की। दीपों की अलौकिक आभा से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
दीपयज्ञ को जिला समन्वयक सूरज वर्मा, जिला सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, राजेंद्र सिंह सीताराम जी एवं रथ सारथी राकेश जी ने संपन्न कराया।
दीपयज्ञ के दौरान जिला समन्वयक सूरज वर्मा ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजागरण और आत्मजागरण का अभियान है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपने विचारों को श्रेष्ठ बनाता है तो परिवार, समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त बनते हैं। यात्रा के माध्यम से लोगों में आध्यात्मिक चेतना का संचार हो रहा है तथा युगऋषि के विचार क्रांति अभियान को नई गति मिल रही है। उन्होंने सभी से नशामुक्त, संस्कारित और आदर्श समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
रथयात्रा के साथ खुटार यात्रा प्रभारी प्रमोद सिंह, चिरौंजी लाल वर्मा, ओमप्रकाश वर्मा, विनोद जी, मनोज वर्मा, मुकेश वर्मा, रामसागर, रमेश कश्यप, अभिषेक वर्मा, जिला सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, रथ सारथी राकेश जी सपत्नीक तथा मीडिया प्रभारी कपूर, राजेंद्र सिंह, महिपाल सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गायत्री परिवार जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिवस में बड़ा गांव साकुलिया क्षेत्र में पहुंचेगी, जहां जनजागरण, विचार क्रांति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यात्रा के प्रभाव से क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण सुदृढ़ हो रहा है और बड़ी संख्या में लोग श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं।









