शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए रेस्टोरेशन कार्य में लापरवाही और सभी घरों तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। नगर क्षेत्र में लंबित रेस्टोरेशन कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित संस्था को 20 जुलाई तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में पाइपलाइन बिछाने के बाद खराब हुई सड़कों और अधूरे रेस्टोरेशन का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने संबंधित कार्यदायी संस्था को एक सप्ताह के भीतर सभी शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
सुरेश खन्ना ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में जहां भी नई पेयजल पाइपलाइन डाली जाए, वहां पाइपलाइन बिछाने के साथ ही तत्काल रेस्टोरेशन कार्य भी कराया जाए, ताकि सड़कें पूर्ववत स्थिति में रहें और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने भी जल निगम शहरी एवं ग्रामीण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे।








