हापुड़। जनपद के धौलाना-मसूरी मार्ग स्थित ककराना गांव में शुक्रवार देर शाम एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री धू-धू कर जलने लगी। आग के कारण आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार छा गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान फैक्ट्री के भीतर कई तेज धमाके भी हुए, जिससे ग्रामीणों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री गाजियाबाद के व्यापारी गगनदीप सिंह की है, जो ‘वीडीएच’ नाम से संचालित होती है। यहां सुगंधित उत्पादों में उपयोग होने वाले केमिकल तैयार किए जाते थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री के ज्वलनशील केमिकल स्टोरेज क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी। भारी मात्रा में मौजूद केमिकल के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। फैक्ट्री के निकट पेट्रोल पंप और अन्य औद्योगिक इकाइयों के होने के कारण प्रशासन ने एहतियातन आसपास का क्षेत्र खाली करा दिया।
दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल अधिकारी सचिन बालियान ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जबकि फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, कई धमाकों से दहला इलाका
Published On:
Date:








