गुरु पूर्णिमा पर 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, तरु पूजन के साथ पौधों का वितरण

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ, गौहरपुरा में पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान गुरु पूजन, विभिन्न निःशुल्क संस्कार, तरु पूजन एवं दीपयज्ञ के साथ श्रद्धालुओं ने विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्टी जय सिंह यादव, कपिल अग्रवाल, सत्यपाल सिंह सहित वरिष्ठ गायत्री परिजनों ने गुरु पूजन के साथ किया। जिला समन्वयक सूरज वर्मा ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं से युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचार क्रांति अभियान और वृक्षगंगा अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के वृक्षगंगा अभियान के अंतर्गत मुख्य प्रबंध ट्रस्टी राजाराम मौर्य, जिला समन्वयक सूरज वर्मा एवं ट्रस्टी दुर्गेश सिंह ने तरु पूजन किया और श्रद्धालुओं को पौधे वितरित कर वृक्षारोपण तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में मंजू, शिवानी, गीता और सविता ने प्रज्ञा गीत प्रस्तुत किए। सायंकाल आयोजित भव्य दीपयज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विश्व शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की प्रार्थना की। कार्यक्रम में युवा प्रकोष्ठ, महिला मंडल एवं गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजनों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights