बैसाखी पर श्री श्याम सुंदर गोधाम में गौ-पूजन, जरूरतमंदों की सेवा को बताया संगठन का मूल उद्देश्य
शाहजहाँपुर। जनपद के प्रतिष्ठित सामाजिक संगठन “वीआईपी ग्रुप विद हेल्पिंग हैंड्स” ने मंगलवार को सेवा और समर्पण के अपने 11 गौरवशाली वर्ष पूर्ण किए। बैसाखी के पावन अवसर पर संस्था के सदस्यों ने पारंपरिक आयोजनों से हटकर जीव सेवा को प्राथमिकता देते हुए श्री श्याम सुंदर गोधाम में गौ-सेवा कर स्थापना दिवस मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत गोधाम परिसर में विधि-विधान के साथ गौ-पूजन से हुई। इस दौरान सदस्यों ने गायों को चारा, गुड़ एवं अन्य खाद्य सामग्री अर्पित की और गोवंश संरक्षण एवं सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने समाज में जीव दया और करुणा का संदेश प्रसारित किया।
संस्था की अध्यक्ष दीपमाला रस्तोगी ने कहा कि 11 वर्ष पूर्व एक छोटे से सामाजिक संकल्प के रूप में शुरू हुआ यह प्रयास आज एक सशक्त और समर्पित परिवार का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना रहा है, जिसे सभी सदस्य पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे हैं।
ग्रुप के क्रिएटर अभिनय गुप्ता ने सभी सदस्यों के सहयोग और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यही एकजुटता संस्था की सबसे बड़ी ताकत है, जो इसे निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने भविष्य में भी इसी ऊर्जा और सेवा भावना के साथ समाजहित में कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
महासचिव सतीश सक्सेना ने कहा कि संस्था केवल सामाजिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों को जोड़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रभावी मंच बन चुकी है। वहीं, कोषाध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने कहा कि सेवा कार्यों में पारदर्शिता, समर्पण और निरंतरता ही संस्था की पहचान है और आगे भी इसी भावना के साथ कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. नमिता सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वीआईपी ग्रुप की शुरुआत एक छोटे से पौधे के रूप में हुई थी, जो आज वटवृक्ष बन चुका है। इसकी हर शाखा समाजसेवा के कार्यों में लगी हुई है और लोगों की मदद का माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा जमीनी स्तर पर निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं, जो समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहे हैं।
इस अवसर पर जिला प्रभारी संजय अग्रवाल, प्रवक्ता कौशलेंद्र मिश्रा, डॉ. अमित सिंह सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
प्रवक्ता कौशलेंद्र मिश्रा ने कहा कि संस्था का मानना है कि “ईश्वर की सच्ची सेवा जीव सेवा में ही निहित है,” और स्थापना दिवस पर गौ-सेवा के माध्यम से जो आत्मिक संतोष प्राप्त होता है, वह किसी भव्य आयोजन से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि संस्था के जनहित कार्यों को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।








