मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र के रसूलपुर हमीर गांव में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने मामूली कहासुनी के बाद पत्नी पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नाजिम और उसकी पत्नी सना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नाजिम ने सना पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सना की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय उनकी मासूम बेटी भी मौजूद थी, जिसने पूरी वारदात अपनी आंखों के सामने देखी।
परिजनों के अनुसार, सना और नाजिम ने प्रेम विवाह किया था और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाजिम को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है। गांव में मातम का माहौल है और लोग इस निर्मम हत्या की कड़ी निंदा कर रहे हैं।
घरेलू विवाद में पति ने ईंट से कुचलकर पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Published On:
Date:








