शाहजहांपुर। गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा में रविवार को शताब्दी अनुयाज समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नजीबाबाद जोन के जोन समन्वयक अशोक सिंह एवं उपजोन समन्वयक अजयवीर सिंह ने उपस्थित होकर शांतिकुंज हरिद्वार की योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की।
गोष्ठी में जिला शताब्दी अनुयाज समिति का परिचय, शांतिकुंज की योजनाओं पर विचार-विमर्श, जनपद में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय युवा, नारी एवं शिक्षक कार्यशालाओं की तिथियों का निर्धारण तथा ब्लॉक समन्वयकों के साथ संगठन विस्तार पर चर्चा की गई। बैठक में 35 दिवसीय ज्योति कलश रथयात्रा की विस्तृत आख्या भी प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर ज्योति कलश रथयात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले जनपद के सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं एवं गायत्री परिजनों का पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मान किया गया।
जोन समन्वयक अशोक सिंह ने कहा कि युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा चलाया गया विचार क्रांति अभियान आज समाज की आवश्यकता है। संगठन की प्रत्येक इकाई यदि योजनाबद्ध ढंग से कार्य करेगी तो जन-जन तक संस्कार, सेवा और साधना का संदेश पहुंचेगा। शताब्दी वर्ष के सभी कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।

उपजोन समन्वयक अजयवीर सिंह ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा ने पूरे जनपद में अभूतपूर्व जनजागरण किया है। अब आवश्यकता है कि इस जागरण को स्थायी स्वरूप देने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में नियमित दीपयज्ञ, स्वाध्याय, वृक्षारोपण, नशामुक्ति और संस्कार अभियान को गति दे।
वहीं जिला समन्वयक सूरज वर्मा ने कहा कि 35 दिनों तक चली ज्योति कलश रथयात्रा को जनपद के प्रत्येक गांव में जो स्नेह, सहयोग और सम्मान मिला, वह अविस्मरणीय है। इस अभियान को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों, महिला मंडल, युवा प्रकोष्ठ, गायत्री परिजनों, मीडिया प्रकोष्ठ तथा सभी इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों का हम हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। अब शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण के साथ जुटेंगे।
गोष्ठी में युवा प्रकोष्ठ एवं महिला मंडल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित परिजनों को प्रसाद वितरित किया गया।
जिला सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया।
अंत में आयोजकों ने बताया कि गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा में आयोजित होने वाले आगामी विशेष कार्यक्रम में ज्योति कलश रथयात्रा के सफल प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मीडिया कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा।








