दीवार गिरने, पेड़ टूटने और छत से गिरने की घटनाओं में गई लोगों की जान
कई इलाकों में गिरे पेड़ और बिजली के पोल, जनजीवन प्रभावित
फतेहपुर। जिले में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अलग-अलग हादसों में महिलाओं समेत 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, हादसों में एक लड़का, एक बुजुर्ग और तीन महिलाओं समेत कई लोगों की जान गई। वहीं मां-बेटे समेत 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन महिलाएं और दो लड़के शामिल हैं।
खागा तहसील के सेमौरी, चल्थरा, कासिमपुर कटरा, रामपुरमून और मंडवा गांवों में तेज आंधी और बारिश के चलते कई हादसे हुए। एक महिला की आम के पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि तेज हवा के कारण एक महिला तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी जान चली गई।
एक अन्य घटना में दीवार गिरने से एक लड़के की मौत हो गई और एक मासूम घायल हो गया। वहीं पड़ोसी की दीवार गिरने से छत पर बैठे एक बुजुर्ग की भी मौत हो गई।
सदर तहसील के बमरौली गांव में भी दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे समेत चार महिलाएं घायल हो गईं।
आंधी-तूफान के चलते कई इलाकों में पेड़ और विद्युत पोल सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात और बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।








