कन्नौज। जिले के इंदरगढ़ क्षेत्र में ऋण वितरण के नाम पर फर्जी लोन स्वीकृत कर सरकारी धन के गबन का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने जांच समिति गठित कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति, हसेरन के सचिव और जिला सहकारी बैंक की इंदरगढ़ शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक पर मिलीभगत कर किसानों के नाम पर फर्जी ऋण स्वीकृत कराने और सरकारी धन का गबन करने का आरोप है। यह शिकायत जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के उपसभापति राजेश त्रिपाठी ने जिला सहायक निबंधक को दी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब 30 लोगों के नाम पर फर्जी ऋण निकाले गए, जिनमें कुछ मृतकों के नाम भी शामिल हैं। यह भी आरोप है कि कई लोगों के फर्जी हस्ताक्षर कर ऋण स्वीकृत कराया गया तथा कुछ मामलों में बिना भूमि के भी लोन जारी किए गए। मामले में एफआईआर दर्ज कराने की भी मांग की गई है।
जिला मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने बताया कि मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।








