शाहजहांपुर। “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” थीम पर आयोजित वन महोत्सव-2026 का जनपद में उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार के निर्देशन में वन विभाग ने विभिन्न रेंजों में पौधरोपण, जनजागरूकता रैली, सीड बॉल अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समापन समारोह के तहत स्वामी शुकदेवानंद (एस.एस.) विश्वविद्यालय में कुलपति के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स एवं विश्वविद्यालय परिवार ने छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया। इसके बाद निकाली गई जागरूकता रैली में “पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ”, “हर घर एक पौधा” और “एक पेड़ माँ के नाम” जैसे नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
उचौलिया वन क्षेत्र में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में जंगलों में सीड बॉल का वितरण किया, जिससे वर्षा ऋतु में प्राकृतिक रूप से नए पौधों का विकास हो सके। वहीं जलालाबाद रेंज के ग्राम रहेमदासपुर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने हरिशंकरी का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान ग्रामीणों ने आम, जामुन, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
वन विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को प्रकृति और अपनी मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराना है। विभाग ने सभी नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की, ताकि जनसहभागिता से शाहजहांपुर को और अधिक हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सके।








