बलिया। नई ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में रसड़ा तहसील के दस्तावेज लेखक एवं स्टांप विक्रेताओं ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। आंदोलनकारियों ने सरकार की नीतियों को रोजगार विरोधी बताते हुए तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
दस्तावेज लेखक संगठन के जिला अध्यक्ष भगवान पांडे के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दस्तावेज लेखक और स्टांप विक्रेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने “आवाज दो हम एक हैं”, “निजीकरण वापस लो” और “सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
जिला महामंत्री संजय कुमार पांडे, कोषाध्यक्ष प्रतीक सिंह ‘हैप्पी’, उपाध्यक्ष सुभाष राजभर और सलाहकार सुरेश पांडे ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार नई ई-रजिस्ट्री व्यवस्था और निजीकरण के फैसले को वापस नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल के कारण तहसील में रजिस्ट्री से जुड़े कार्य प्रभावित रहे, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ई-रजिस्ट्री व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने के बजाय मौजूदा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाया जाए, ताकि रोजगार सुरक्षित रहे और जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
ई-रजिस्ट्री के विरोध में रसड़ा तहसील में अनिश्चितकालीन हड़ताल, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
Published On:
Date:








