Liberal Media | झांसी
झांसी के बबीना स्थित सैन्य क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर तैनात सेना सुरक्षा कोर (डीएससी) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, जवान ने अपनी सर्विस राइफल गर्दन से सटाकर ट्रिगर दबा दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे और उन्हें खून से लथपथ हालत में पाया।
मृतक की पहचान 49 वर्षीय कोमल सिंह निवासी पीएचए कॉलोनी, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है, जो बबीना में डीएससी शाखा में तैनात थे। घटना के समय वह अपने ड्यूटी पॉइंट पर मौजूद थे।
सूचना मिलते ही बबीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।








