डीएम की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा रैली, उमड़ा जनसैलाब

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत राजकीय इंटर कॉलेज खिरनीबाग से शहीद उद्यान पार्क तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और गुब्बारे उड़ाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारों से शहर गूंज उठा। रैली कचहरी चौराहा, सदर बाजार और टाउन हॉल होते हुए शहीद उद्यान पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जिलाधिकारी, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी सहित अन्य अधिकारियों ने भी हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। डीएम ने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक चल रहे अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर घरों पर तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान के डिजिटल सेलिब्रेशन में भी भाग लेने की अपील की।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights