शाहजहांपुर/प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सोशल मीडिया पर बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को प्रयागराज पुलिस ने शाहजहांपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नितेश कटियार के रूप में हुई है, जो शाहजहांपुर की जलालाबाद तहसील का निवासी और नगर पंचायत में संविदा सफाईकर्मी बताया जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी नितेश कटियार ने खुलासा किया कि उसने प्रयागराज निवासी इंजीनियर पवन चौरसिया को फंसाने के उद्देश्य से उसके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करते हुए धमकी भरा संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था।
जानकारी के अनुसार नितेश की शादी एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए प्रयागराज के मऊ क्षेत्र निवासी युवती से तय हुई थी। दोनों पक्षों की सगाई भी हो चुकी थी, लेकिन बाद में लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। इस बात को लेकर नितेश और युवती के भाई पवन चौरसिया के बीच विवाद हो गया था।
बताया जा रहा है कि इसी रंजिश में नितेश ने पवन को फंसाने की साजिश रची और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी व धमकी भरा संदेश सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पवन का मोबाइल नंबर टैग कर दिया।
मामला सामने आने के बाद प्रयागराज पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शाहजहांपुर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल प्रयागराज पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।








