चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, सवार ने कूदकर बचाई जान

By Liberal Media

Published On:

Date:

बीच सड़क धू-धू कर जली ई-स्कूटी, बैटरी फटने के डर से दूर रहे लोग

झांसी। शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्कूटी से धुआं और लपटें उठती देख सवार ने फुर्ती दिखाते हुए वाहन छोड़कर अपनी जान बचाई।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के दतिया गेट बाहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक युवक अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से जा रहा था, तभी अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग की लपटें उठती देख युवक ने स्कूटी को बीच सड़क पर छोड़ दिया और सुरक्षित दूरी पर चला गया।

बीच सड़क पर धू-धू कर जल रही स्कूटी को देखकर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन बैटरी फटने की आशंका के चलते किसी ने उसके पास जाने की हिम्मत नहीं की। बाद में किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कूटी काफी हद तक जल चुकी थी।

प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights