हापुड़। दिल्ली-लखनऊ हाईवे (एनएच-9) पर सोमवार को एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में रुद्रपुर से फरीदाबाद जा रही इको स्पोर्ट कार (यूके 06 एपी 3465) में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि कार में आग लगने का कारण ओवरहीटिंग हो सकता है।
कार चला रहे विनय कुमार सिंह, निवासी सेक्टर-37 फरीदाबाद, को वाहन से धुआं और आग के संकेत दिखाई दिए तो उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कार रोक दी और बाहर निकल गए। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद क्रेन की सहायता से जली हुई कार को हाईवे से हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।








