कार गैराज में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका; कई वाहन खाक, लाखों का नुकसान

By Liberal Media

Published On:

Date:

Liberal Media | इटावा

इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आवास के पास ईदगाह के नजदीक स्थित एक बड़े कार रिपेयरिंग गैराज में देर रात भीषण आग लग गई। आग के साथ हुए तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, देर रात गैराज में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। गैराज में रखी मशीनरी, उपकरण और रिपेयरिंग के लिए खड़े कई वाहन जलकर राख हो गए। आग के दौरान टायर और वेल्डिंग में इस्तेमाल होने वाले ऑक्सीजन सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे तेज धमाके हुए और लोग दहशत में आ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर मौके पर यातायात रोककर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया।

मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights