बरेली। जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक चार पहिया वाहन चालक का बिना हेलमेट वाहन चलाने के आरोप में चालान कर दिया गया। घटना के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार सफेद रंग की XUV700 कार के मालिक निरंजन को पुलिस की ओर से 1000 रुपये का ऑनलाइन चालान भेजा गया। चालान देखने के बाद वह हैरान रह गए, क्योंकि हेलमेट का नियम सामान्य तौर पर दोपहिया वाहनों पर लागू होता है।
कार चालक का आरोप है कि हाफिजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें रोका और बिना हेलमेट का चालान कर दिया। उन्होंने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ घर लौट रहे थे।
मामले के बाद सोशल मीडिया पर चालक की हेलमेट पहनकर कार चलाते हुए तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। वाहन मालिक का कहना है कि अब वह दोबारा ऐसे चालान से बचने के लिए कार में भी हेलमेट पहन रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट: वीरेंद्र कश्यप








