शाहजहांपुर। कोतवाली क्षेत्र के अजीजगंज में बाइक की टक्कर से घायल हुए दो वर्षीय बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और मोहल्लेवासियों ने हंगामा करते हुए आरोपी बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार अजीजगंज निवासी रजनीश का दो वर्षीय पुत्र कार्तिक घर के बाहर था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला मिथुन बाइक से वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि मिथुन ने बाइक का एक्सीलेटर बढ़ाया, तभी कार्तिक उसकी चपेट में आ गया। टक्कर लगने से बच्चा सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद बाइक सवार ने बाइक संभालने के दौरान दोबारा बच्चे को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में कार्तिक को राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी के परिजन घर में ताला लगाकर चले गए। मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि मिथुन तेज रफ्तार में बाइक चलाता है और इससे पहले भी उसके द्वारा ऐसी घटनाएं किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाइक की टक्कर से दो साल के बच्चे की मौत, परिजनों ने किया हंगामा, आरोपी पर कार्रवाई की मांग
Published On:
Date:









