शाहजहाँपुर
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के बिस्मिल सभागार में भैंसी नदी की खुदाई को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नदी की शेष खुदाई, पुलियों के पुनर्निर्माण और वृक्षारोपण पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष लगभग 56 किलोमीटर नदी की खुदाई कराई जा चुकी है, जबकि शेष 20 किलोमीटर भाग विकासखंड बण्डा में बचा हुआ है, जिसकी खुदाई कराई जाएगी। इसके लिए 10 पॉइंट चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पॉइंट पर दो-दो जेसीबी लगाकर 28 अप्रैल से खुदाई कार्य शुरू किया जाए।
डीएम ने डीसी मनरेगा को निर्देशित किया कि नदी के एक किलोमीटर दायरे में स्थित तालाबों की खुदाई कराकर उन्हें नदी से जोड़ा जाए। साथ ही खुदाई कार्य के बाद वृक्षारोपण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खुदाई के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल, सेक्रेटरी एवं पैमाइश के लिए राजस्व निरीक्षक की ड्यूटी लगाई जाए।
इसके अलावा नदी पर बनी पुलियों के पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर 15 मई तक खुदाई कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पुवायां क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।








