बांदा | LIBERAL MEDIA
जसपुरा थाना क्षेत्र के नांदादेव के मजरा शंकर पुरवा में अचानक गेहूं के खेत में आग लगने से करीब तीन बीघा फसल जलकर राख हो गई। घटना के समय पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने धुआं उठता देखा तो शोर मचाया और ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
चश्मदीदों के अनुसार रामप्रसाद की दो बीघा और कमतू प्रसाद की एक बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने ट्यूबवेल की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक खड़ी फसल जलकर राख हो चुकी थी। घटना के बाद प्रभावित किसानों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर पहुंचे लेखपाल व अन्य ग्रामीणों ने पीड़ित किसानों को ढांढस बंधाया। वहीं जसपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








