बदायूं में आंधी-तूफान बना काल, अलग-अलग हादसों में 5 की दर्दनाक मौत

By Liberal Media

Published On:

डंपर चालक, दो महिलाओं और दो चचेरी-तहेरी बहनों की गई जान

बिसौली क्षेत्र में पेड़, टीन और दीवार गिरने से हुए हादसे

बदायूँ। जिले में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक डंपर चालक, दो महिलाएं और दो मासूम चचेरी-तहेरी बहनें शामिल हैं। हादसों के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चलते डंपर पर गिरा पेड़, चालक की मौत

पहला हादसा रानेट चौराहे के पास हुआ, जहां तेज आंधी के दौरान अचानक एक पेड़ चलते डंपर पर गिर पड़ा। हादसे में डंपर चालक योगेश की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बुलंदशहर जिले के अनूपशहर का निवासी बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार योगेश करीब दो महीने पहले काम के सिलसिले में घर से निकला था।

पेड़ के नीचे खड़ी महिला की गई जान

दूसरी घटना फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के तर्कपरौली गांव में हुई। यहां 45 वर्षीय लक्ष्मी अपने पति के साथ खेत पर गई थी। आंधी और बारिश से बचने के लिए दोनों पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज हवा के कारण पेड़ की भारी टहनी टूटकर महिला पर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

टीन गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत

तीसरी घटना बिसौली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में हुई, जहां 59 वर्षीय रामश्री जानवर खोलने के लिए घेर में गई थीं। उन्होंने जानवर तो खोल दिए, लेकिन तेज आंधी में टीन गिरने से वह उसके नीचे दब गईं और उनकी मौत हो गई।

दीवार गिरने से दो मासूम बहनों की मौत

चौथा हादसा सिद्धपुर कैथौली गांव में हुआ, जहां 8 और 9 साल की दो चचेरी-तहेरी बहनें बारिश और आंधी से बचने के लिए खेत में बनी झोपड़ी में बैठ गई थीं। अचानक तेज हवा के झोंके से झोपड़ी की दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से दोनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मृत बच्चियों की पहचान 10 वर्षीय मौसमी और 9 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights