बीएसपी विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर छापा

By Liberal Media

Published On:

Date:

बलिया/रसड़ा | लिबरल मीडिया

राजधानी लखनऊ सहित जनपद बलिया के रसड़ा में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब आयकर विभाग की टीम ने बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी।

सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने लखनऊ के गोमतीनगर स्थित उनके आवास और कार्यालय पर पहुंचकर जांच शुरू की। इसके साथ ही बलिया जिले के रसड़ा स्थित विधायक आवास और उनके स्काई होटल में भी दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई के दौरान परिसरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।

बताया जा रहा है कि टीम वित्तीय लेन-देन, संपत्ति संबंधी अभिलेखों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

उमाशंकर सिंह वर्तमान में प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक हैं और रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए हैं। वे इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी जूझ रहे हैं।

कार्रवाई की सूचना मिलते ही लखनऊ से लेकर बलिया तक राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की नजर आयकर विभाग की आधिकारिक जानकारी और जांच के निष्कर्षों पर टिकी है।

Leave a Comment

Related News

Verified by MonsterInsights