झांसी। मेडिकल कॉलेज के बाहर अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के सामने उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक फुटपाथी महिला दुकानदार बुलडोजर के बकेट पर चढ़ गई, जबकि उसका पति बुलडोजर के नीचे लेट गया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कार्रवाई रोकनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता मेडिकल कॉलेज के बाहर सड़क किनारे लगी रेहड़ियों को हटाने पहुंचा था। टीम जब एक महिला की खाने की रेहड़ी तक पहुंची तो महिला और उसके परिवार ने विरोध शुरू कर दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि नगर निगम गरीब रेहड़ी-पटरी वालों को निशाना बनाता है, जबकि प्रभावशाली लोगों के अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं की जाती। विरोध के दौरान महिला बुलडोजर के बकेट पर चढ़ गई और उसका पति बुलडोजर के नीचे लेट गया, जिससे नगर निगम कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।
हंगामे के बाद नगर निगम की टीम बिना कार्रवाई पूरी किए वापस लौट गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल इस मामले को लेकर नगर निगम की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।








