AMU में पहली बार मंत्री का कार्यक्रम, गूंजे ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारे

By Liberal Media

Published On:

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह द्वारा लगाए गए “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के नारों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि एएमयू परिसर में पहली बार किसी भाजपा सरकार के मंत्री का इस तरह का सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कैनेडी ऑडिटोरियम में आयोजित मंडलीय उद्यान गोष्ठी में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किसानों को संबोधित किया। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इसमें अलीगढ़, आगरा और मेरठ मंडल के किसान भी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के नारे लगाए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह उनकी संस्कृति का हिस्सा है और वे जहां उचित समझते हैं, वहां ऐसे नारे लगाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एएमयू का ऑडिटोरियम किसानों के हित में आयोजित कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन के माध्यम से उपलब्ध कराया गया था।

मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “एक्सीडेंटल सांसद” बताया और उनकी राजनीतिक योग्यता पर सवाल उठाए।

वहीं, एएमयू के कुछ पूर्व छात्रों ने कार्यक्रम पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों को राजनीतिक और धार्मिक गतिविधियों से दूर रखा जाना चाहिए। पूर्व छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय परिसर में धार्मिक नारे लगाना संस्थान की परंपरा के विपरीत है और इससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो सकता है।

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। एएमयू प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights