अखंड दीप ने नगर से गांव तक फैलाया ज्ञान और जागरण का संदेश, ज्योति कलश रथयात्रा पहुंची पिपरिया सड़क

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, संस्कार और सद्विचारों का प्रकाश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकली ज्योति कलश रथयात्रा सोमवार को नगर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए ग्राम पिपरिया सड़क पहुंची। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का यह दिव्य प्रकाश जहां-जहां पहुंचा, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण बना रहा।

यात्रा का शुभ स्वागत नगर में डीएस प्रिंटर्स के पास महेश सक्सेना ने परिवार सहित दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद आवास विकास क्षेत्र में शिवशरण एवं अन्य गायत्री परिजनों ने यात्रा का स्वागत किया। सुभाष नगर में वरिष्ठ गायत्री परिजन अवनीश मिश्रा के यहां पुष्पवर्षा और आरती के साथ यात्रा का अभिनंदन किया गया।

कुम्हारों वाला मंदिर के पास युवा प्रकोष्ठ के अतुल प्रजापति ने अपने परिवार के साथ रथयात्रा का भव्य स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महेश सक्सेना के यहां भोजन प्रसाद एवं अल्प विश्राम के उपरांत यात्रा आगे बढ़ी। आवास विकास में गायत्री परिजन सीमा यादव के परिवार ने पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। तथा सुपर ऑटो के पास पार्षद विपिन यादव ने परिजनों के साथ पुष्पवर्षा एवं जयघोष कर यात्रा का स्वागत किया।

सायंकाल रथयात्रा ग्राम पिपरिया सड़क पहुंची, जहां संतोष कुमार यादव एवं ग्रामवासियों ने स्वागत, पूजन और आरती कर अखंड ज्योति का अभिनंदन किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण साहित्य वितरित किया गया तथा सभी को विचार क्रांति अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि जन-जागरण का अभियान है। अखंड ज्योति का संदेश है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने भीतर के अंधकार, बुराइयों और नकारात्मक विचारों को समाप्त कर सद्बुद्धि, सेवा और संस्कारों का दीप जलाए। जब व्यक्ति बदलता है तो परिवार बदलता है, परिवार बदलता है तो समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने सभी से नशामुक्ति, कुरीतियों के त्याग और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

रथयात्रा के साथ जिला समन्वयक सूरज वर्मा रथ सारथी राकेश जी, मीडिया प्रकोष्ठ से कपूर, सुमिता, सीताराम सक्सेना सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे।

सायंकाल ग्राम पिपरिया सड़क में भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। दीपयज्ञ में संतोष कुमार यादव ने परिवार सहित पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में सद्भावना की कामना की। दीपयज्ञ को सीताराम जी एवं रथ सारथी राकेश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

दीपयज्ञ के दौरान सीताराम ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को केवल भौतिक उन्नति नहीं, बल्कि नैतिक और आध्यात्मिक जागरण की भी आवश्यकता है। ज्योति कलश रथयात्रा लोगों को आत्मचिंतन, आत्मसुधार और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित कर रही है। अखंड दीपक घर-घर जाकर यह संदेश दे रहा है कि ज्ञान, सदाचार और सेवा ही जीवन को सार्थक बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि युग निर्माण आंदोलन का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण है, जिसमें प्रत्येक जागरूक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
नगर में कलश यात्रा के साथ सदर थाना पुलिस का पूरा सहयोग रहा।
गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिनों में ग्राम भटेला, माधवामई, घूरखेड़ा तथा आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग आत्मसुधार, नशामुक्ति और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जागृत हो रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights