शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के राज्य स्तरीय सम्मेलन का लाइव प्रसारण शाहजहांपुर कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में किया गया। कार्यक्रम में ददरौल विधायक अरविंद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह सहित विभागीय अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी तथा विभिन्न विकासखंडों से आए पीआरडी स्वयंसेवक मौजूद रहे। लाइव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी स्वयंसेवकों का ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600 किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही पीआरडी स्वयंसेवकों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा लखनऊ में पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए मल्टी बैरक का निर्माण कराए जाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर पीआरडी स्वयंसेवकों और विभागीय अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्णय की सराहना की। अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को पुलिस बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी स्वयंसेवकों के हित में की गई घोषणाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया। अंत में ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने सभी पीआरडी स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
पीआरडी स्वयंसेवकों का ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़कर ₹600, कैशलेस चिकित्सा सुविधा की भी घोषणा
Published On:









