Liberal Media | शाहजहांपुर:
थाना तिलहर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 6 वर्षों से फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में कपिल गंगवार और सुनीता गंगवार शामिल हैं, जो हत्या के मामले में वांछित थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों पर वर्ष 2020 में दर्ज हत्या के मुकदमे (धारा 302 भादवि) में अपने ही पति सतीश चंद्र की साजिशन हत्या करने का आरोप है। जांच में सामने आया था कि सुनीता गंगवार का अपने ननदोई कपिल गंगवार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसका विरोध करने पर दोनों ने मिलकर सतीश को पहले जहर दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद से दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले नोएडा और फिर हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र में छिपकर रह रहे थे। इसी दौरान कपिल गंगवार एक स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्य भी कर रहा था।
रविवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरयू पुलिया के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।








