बलिया। जिले के बेल्थरारोड क्षेत्र से एक अनोखा और चर्चित मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने ही जीजा पर 18 वर्षों तक शारीरिक एवं मानसिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आरोप लगाया है कि जीजा ने उसे अपने साथ रखने के लिए उसकी शादी नहीं होने दी और वर्षों तक पत्नी की तरह संबंध बनाए रखे, लेकिन कभी उसे सामाजिक या कानूनी मान्यता नहीं दी।
पीड़िता का कहना है कि उसने अपनी जिंदगी के 18 वर्ष आरोपी के साथ बिताए, लेकिन अब उसे उसके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ उसे पत्नी का दर्जा दिलाने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच रसड़ा क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्तर पर कराई जा रही है। महिला का आरोप है कि इस दौरान वह लगातार मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और उत्पीड़न का शिकार होती रही।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं, मामले में कई सवाल भी उठ रहे हैं। यदि महिला के आरोप सही हैं तो इतने लंबे समय तक चले कथित संबंध और उत्पीड़न की जानकारी परिवार एवं आसपास के लोगों को क्यों नहीं हुई? दूसरी ओर, आरोपों की सत्यता और दोनों पक्षों के बीच संबंधों की वास्तविक स्थिति भी जांच का विषय है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








