शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जनपद के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 1 अगस्त से ई-ऑफिस संचालन में लापरवाही या गलती पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनपद में ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पत्रावलियों का निस्तारण अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है, जिसे सुधारना आवश्यक है। साथ ही आमजन की शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियां प्राप्त करने, उनका ऑनलाइन निस्तारण, डिजिटल अग्रसारण तथा अन्य प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। डीएम ने कहा कि ई-ऑफिस के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मोहम्मद अवेश सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।








