प्रभारी मंत्री ने प्रदर्शनी का फीता काटकर किया उद्घाटन, गिनाईं 9 साल की उपलब्धियां

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में फीता काटकर किया। यह प्रदर्शनी 26 मार्च तक चलेगी, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।

प्रभारी मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागों के स्टॉल की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कई लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया। दिव्यांगजन को ट्राई साइकिल, किसानों को ट्रैक्टर की चाबी व नि:शुल्क बीज, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत चेक वितरित किए गए। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों को करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इसके अलावा बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए तथा खिलाड़ियों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के 9 वर्ष उपलब्धियों से भरे रहे हैं और उत्तर प्रदेश विकास व सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पात्रों तक पहुंचाया जा रहा है।

इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, विधायकगण, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, सीडीओ अपराजिता सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights