शाहजहांपुर। ओसीएफ के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 251 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया, जिनमें 211 हिंदू जोड़ों का विवाह रीति-रिवाज से तथा 40 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मौजूद रहे। उन्होंने फीता काटकर, भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट कर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक तरीके से सम्पन्न कराना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक कन्या के खाते में 60 हजार रुपये की एफडी कराई जाती है। इसके अलावा 25 हजार रुपये की विवाह सामग्री और 15 हजार रुपये कार्यक्रम व्यवस्था के लिए दिए जाते हैं।









