शाहजहांपुर। वीआईपी ग्रुप विद हेल्पिंग हैंड्स के तत्वावधान में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नव संवत्सर 2083 एवं चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के अवसर पर 19 मार्च को सायं 5:30 बजे हनुमत धाम पर भव्य सामूहिक शंखनाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग एक साथ शंखनाद कर सनातनी नववर्ष का जयघोष करेंगे। इस अवसर पर भगवा ढोल की प्रस्तुति तथा वैशाली म्यूजिकल ग्रुप की भजन संध्या मुख्य आकर्षण रहेगी।
शनिवार को सदर बाजार स्थित विनीत ज्वेलर्स पर आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रुप के पदाधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम सनातनी नववर्ष के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और समाज को एक सूत्र में जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।
ग्रुप की अध्यक्ष दीपमाला रस्तोगी ने कहा कि वर्तमान समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए वीआईपी ग्रुप प्रत्येक संवत्सर पर समाज को एकजुट कर सांस्कृतिक एकता का संदेश देता है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी हेमा अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को और भव्य बनाने के लिए बाहर से भगवा ढोल की विशेष टीम भी आमंत्रित की गई है। संयुक्त सचिव एवं मीडिया प्रभारी रिद्धि बहल ने लोगों से अपील की कि वे भगवा या पीत वस्त्र धारण कर शंख के साथ हनुमत धाम पहुंचें, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ सके।
कार्यक्रम प्रभारी विनीत गुप्ता ने बताया कि शंखनाद प्रतियोगिता में सबसे अधिक देर तक शंख बजाने वाले प्रतिभागियों को विनीत ज्वेलर्स की ओर से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ नगद धनराशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
ग्रुप क्रिएटर अभिनय गुप्ता ने कहा कि संस्था हमेशा सामाजिक जागरूकता और समरसता के लिए कार्य करती रही है और इस वर्ष भी शंखनाद कार्यक्रम को भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी सनातनी बंधुओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत वैशाली म्यूजिकल ग्रुप द्वारा भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जो मंदिर की आरती तक चलेगा। कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में ग्रुप के प्रवक्ता एवं संयोजक कौशलेंद्र मिश्र ने विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए डॉ. रवि मोहन, वर्षा गोस्वामी, विनीत गुप्ता, हेमा अग्रवाल और डॉ. नमिता सिंह को कार्यक्रम प्रभारी बनाया गया है। कार्यक्रम में शंख लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को ग्रुप की ओर से केसरिया पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया जाएगा।








