शाहजहांपुर में दबंगों का कहर, बुजुर्ग को सरेआम मुर्गा बनाकर पैरों में माथा रगड़वाया, वीडियो वायरल

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA
शाहजहांपुर जिले के पुवायां कोतवाली क्षेत्र के नाहिल कस्बे में दबंगों द्वारा एक बुजुर्ग को सरेआम अपमानित करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग बुजुर्ग को घेरकर पहले मुर्गा बनाते और फिर उससे अपने पैरों में माथा रगड़वाते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में आरोपियों को हाथ में डंडा लेकर बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज करते और धमकाते भी देखा जा सकता है। इतना ही नहीं, दबंगों ने वहां मौजूद लोगों को चेतावनी दी कि यदि किसी ने पीड़ित की मदद की तो उसका भी यही हाल किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पीड़ित बुजुर्ग थाने में बंद कुछ लोगों को खाना देने गया था, जो वादी पक्ष को नागवार गुजरा। इसी बात से नाराज होकर दबंगों ने उसे सरेआम अपमानित कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद जब पत्रकार कमल सिंह ने इस मामले में सीओ पुवायां प्रवीण मलिक से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए पुवायां इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजा गया है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights