शाहजहांपुर में DCC-DLRC बैठक, वर्ष 2026–27 के लिए ₹14,802.53 करोड़ की वार्षिक ऋण योजना को मंजूरी

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह की अध्यक्षता में जनपद शाहजहांपुर में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026–27 की वार्षिक ऋण योजना (Annual Credit Plan) पर विस्तृत चर्चा करते हुए ₹14,802.53 करोड़ के बजट को मंजूरी दी गई।

बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित बजट में कृषि क्षेत्र के लिए ₹8,948.29 करोड़ तथा लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) क्षेत्र के लिए ₹3,684 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में करीब 28.38 प्रतिशत अधिक है।

मुख्य विकास अधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी बैंकों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मत्स्य पालन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें शीघ्र लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जनपद का सीडी रेशियो 85.81 प्रतिशत होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान भारतीय रिजर्व बैंक, लखनऊ से आई प्रतिनिधि नम्रता किरण मेहता ने भी जनपद में बैंकिंग कार्यों की प्रगति की सराहना की।

बैठक में कम सीडी रेशियो वाले बैंकों, विशेष रूप से यूबीआई, इंडसइंड बैंक और यस बैंक को अपने प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर आरबीआई की एलडीओ नम्रता किरण मेहता, नाबार्ड के डीडीएम प्रवेश कुमार गंगवार, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) आर.आर. तिवारी, सहायक अग्रणी जिला प्रबंधक रवि शर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी राजेंद्र कुमार, सहायक निदेशक मत्स्य पूरनलाल, उपयुक्त जिला उद्योग केंद्र संजय कुमार सिंह, पीओ नेडा राम आधार सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights