वृंदावन | LIBERAL MEDIA
धर्मनगरी वृंदावन में ब्रज की परंपरागत होली का रंग इन दिनों चरम पर है। इसी क्रम में उत्तर भारत के प्रसिद्ध श्रीरंगनाथ मंदिर में चल रहे दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को होली की भव्य सवारी निकाली गई। इस दौरान भगवान गोदारंगमन्नार ने भक्तों के साथ जमकर होली खेली, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और रंगों से सराबोर हो गया।
मंदिर से निकली सवारी में कांच के विमान में विराजमान भगवान गोदारंगमन्नार श्रीराधा-कृष्ण के स्वरूप में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले। बैंडबाजों और दक्षिण भारतीय शैली के वाद्य यंत्रों की धार्मिक धुनों के बीच सवारी का भव्य स्वागत किया गया।
सवारी के दौरान आयोजित लठामार होली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। हुरियारिनों द्वारा प्रेमभरी लाठियां बरसाई गईं, जिसे देखकर श्रद्धालु झूम उठे। वहीं मंदिर के पुजारी और पदाधिकारी श्रद्धालुओं पर फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा करते हुए चल रहे थे, जबकि मंदिर के शिष्य अबीर-गुलाल और पिचकारियों से रंग बरसाते हुए होली के उत्सव को और रंगीन बना रहे थे।
भगवान के साथ होली खेलने की भावना लेकर पहुंचे भक्तजन फूलों की वर्षा, अबीर-गुलाल और रंगों की फुहार में सराबोर होकर स्वयं को धन्य मानते हुए धार्मिक धुनों पर थिरकते नजर आए।
इस अनूठी होली ने वृंदावन में उत्सव और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
श्रीरंगनाथ मंदिर के ब्रह्मोत्सव में रंगीली होली, भगवान गोदारंगमन्नार ने भक्तों संग खेली लठामार होली
Published On:
Date:








