ढाबा कर्मियों की पिटाई से युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

By Liberal Media

Published On:

Date:

वृंदावन | LIBERAL MEDIA
वृंदावन कोतवाली क्षेत्र की अद्धा चौकी अंतर्गत टीएफसी के पास डूडा फ्लैटों में रहने वाले एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ढाबा संचालक और उसके कर्मचारियों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से फतेहपुर सीकरी निवासी रामकेश (24) पुत्र हरिश्चंद्र पिछले कई वर्षों से वृंदावन में रहकर मजदूरी करता था। वह सौफूटा पुल के पास स्थित अन्नपूर्णा भोजनालय पर काम करता था।
मृतक के भाई श्रीनिवास ने बताया कि मंगलवार तड़के रामकेश घर लौटा था और उसने बताया कि ढाबा संचालक छोटू और वहां काम करने वाले आकाश व अली ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की है। श्रीनिवास के अनुसार उन्होंने रामकेश को सुबह पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी थी, लेकिन वह ढाबे की गाड़ी वापस खड़ी करने की बात कहकर दोबारा वहां चला गया।
कुछ देर बाद ढाबा संचालक छोटू का फोन आया, जिसमें बताया गया कि रामकेश की तबीयत गंभीर है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो रामकेश मृत अवस्था में मिला।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को घर के बाहर रखकर प्रदर्शन किया और तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Related News

Verified by MonsterInsights