इस्कॉन मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, राधा-श्यामसुंदर का भव्य नौका विहार

By Liberal Media

Published On:

Date:

वृंदावन | LIBERAL MEDIA
कान्हा की नगरी वृंदावन में उत्सवों की श्रृंखला के बीच रमनरेती स्थित इस्कॉन मंदिर (कृष्ण बलराम मंदिर) में गौर पूर्णिमा के उपलक्ष्य में नौका विहार का भव्य आयोजन किया गया। पंचदिवसीय महोत्सव के दौरान मंदिर प्रांगण को कृत्रिम जलाशय का रूप देकर यमुना विहार की दिव्य लीला का सुंदर चित्रण किया गया।
उत्सव के लिए मंदिर के मुख्य आंगन को जल से भरकर उसे यमुना के स्वरूप में परिवर्तित किया गया, जहां जलाशय के ऊपर फूलों से आकर्षक रंगोली सजाई गई। इस्कॉन मंदिर के अधिकारी रविलोचन दास के अनुसार इस विशेष आयोजन में करीब 100 किलो से अधिक देशी और विदेशी फूलों का प्रयोग किया गया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार स्वामी प्रभुपाद द्वारा वर्ष 1975 में मंदिर की स्थापना के समय से ही यह परंपरा लगातार चली आ रही है। मान्यता है कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण राधा रानी के साथ यमुना की लहरों पर नौका विहार किया करते थे। उसी लीला को जीवंत करने के लिए हर वर्ष गौर पूर्णिमा के अवसर पर प्रभु को सजी हुई नाव में विराजमान कर मंदिर परिसर में जल-विहार कराया जाता है।
इस अनूठे उत्सव को देखने के लिए भारत ही नहीं बल्कि अमेरिका, रूस और यूरोप सहित कई देशों से हजारों श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुगम दर्शन के विशेष इंतजाम किए गए थे।
हरे कृष्णा महामंत्र और संकीर्तन के बीच आयोजित इस जल-विहार उत्सव ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights