शाहजहाँपुर की बेटी अमीषा सक्सेना ने अंतरराष्ट्रीय मंच ‘रायसीना डायलॉग 2026’ में बढ़ाया जनपद का मान

By Liberal Media

Updated On:

शाहजहाँपुर। जनपद के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय की होनहार पीएचडी शोधार्थी अमीषा सक्सेना ने नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘रायसीना डायलॉग 2026’ (5-7 मार्च) में प्रतिभाग किया। अंतरराष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र में शोध कर रही अमीषा को इस वैश्विक मंच पर दुनिया भर के शीर्ष नेताओं और नीति-निर्धारकों के साथ संवाद करने का अवसर प्राप्त हुआ।


वैश्विक दिग्गजों से हुआ सीधा संवाद


होटल ताज पैलेस, नई दिल्ली में आयोजित इस तीन दिवसीय सम्मेलन में अमीषा सक्सेना ने न केवल वैश्विक राजनीति की बारीकियों को समझा, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट तथा जर्मनी की स्टेट पार्लियामेंट की सदस्य वीबके विंटर जैसे अंतरराष्ट्रीय नेताओं से भी चर्चा की।


प्रमुख सत्रों में उपस्थिति


सम्मेलन के दौरान अमीषा ने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, प्रसिद्ध अर्थशास्त्री संजीव सान्याल और चंद्रबाबू नायडू जैसे दिग्गज व्यक्तित्वों के सत्रों में शिरकत की। यह अनुभव उनके शोध कार्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


पारिवारिक एवं शैक्षणिक पृष्ठभूमि


अमीषा सक्सेना, पंकज सक्सेना एवं माधवी सक्सेना की सुपुत्री हैं। वह वर्तमान में एस.एस. कॉलेज के प्रो. आदित्य कुमार सिंह के निर्देशन में अपना शोध कार्य पूर्ण कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षा जगत और जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है।
“रायसीना डायलॉग जैसे मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा सुनना एक अविस्मरणीय अनुभव रहा।” — अमीषा सक्सेना, शोधार्थी

_लिबरल मीडिया डेस्क
सटीक समाचार, बेबाक विचार

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights