सपा कार्यालय में होली मिलन समारोह, महिलाओं ने होली गीतों पर किया नृत्य

By Liberal Media

Published On:

Date:

कन्नौज | LIBERAL MEDIA

कन्नौज में समाजवादी पार्टी की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम नसरापुर स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान फूलों की होली खेली गई और एक-दूसरे को गुजिया खिलाकर मुंह मीठा कराया गया।

इस अवसर पर सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शशिमा सिंह समेत कई महिलाओं ने होली गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बन गया और सभी लोग होली के रंग में रंगे नजर आए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि यह आयोजन देश की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से समाज को जोड़ने और आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया गया।

वहीं कार्यक्रम में कुछ नेताओं के शामिल न होने के सवाल पर शशिमा सिंह ने कहा कि इस समय आलू की खुदाई का सीजन चल रहा है, इसलिए संभव है कि कुछ लोग व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए हों। उन्होंने गुटबाजी के सवाल को भी खारिज करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में सभी लोग एक साथ हैं और पार्टी समाज को जोड़ने की राजनीति करती है।

कार्यक्रम के अंत में सपा कार्यकर्ताओं ने आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights