सीएम योगी बोले – कपिल देव जैसे डॉक्टर हों तो आधी बीमारी ऐसे ही ठीक हो जाए

By Liberal Media

Published On:

गौतमबुद्ध नगर | LIBERAL MEDIA

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्ध नगर में एक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के गौरव और पहली बार विश्व कप जीतने वाली टीम के कप्तान कपिल देव और उनकी पूरी टीम का स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में प्रवेश करने पर वे अभिनंदन करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से न सिर्फ नोएडा बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपने स्तर पर लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जब तक निजी क्षेत्र की सहभागिता नहीं होगी, तब तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना मुश्किल होगा।

सीएम योगी ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के लोगों को गोल्डन आयुष्मान कार्ड जैसी योजना मिली है। इसके माध्यम से लाखों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पात्र व्यक्ति 5 लाख रुपये तक का इलाज किसी भी सरकारी या सूचीबद्ध निजी अस्पताल में करा सकता है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकारी और निजी अस्पतालों के बीच कभी-कभी दरों में अंतर होता है, लेकिन हमारा मानना है कि सस्ती, विश्वसनीय और सुगम स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीज डॉक्टर के विश्वास पर अस्पताल आता है और डॉक्टर का अच्छा व्यवहार भी मरीज को जल्दी ठीक करने में मदद करता है।

मुख्यमंत्री ने कपिल देव का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे गेंदबाजी करते थे तो पाकिस्तान की टीम आधी हार मान लेती थी। उसी तरह अगर डॉक्टर कपिल देव जैसे हों तो मरीज की आधी बीमारी वैसे ही खत्म हो जाती है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। 2014 तक देश में सिर्फ 6 एम्स थे, जबकि आज 23 एम्स काम कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के चलते 75 जिलों में 81 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं। इस नए अस्पताल से करीब 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा, जिसमें डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, टेक्नीशियन और अन्य कर्मचारी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षामित्रों को भी 5 लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज सुविधा दी है। जो लोग आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा पाए हैं, उन्हें भी मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दी जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मरीजों को दी गई है।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब तेजी से बदल रहा है। पहले जहां वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की स्थिति थी, वहीं अब वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वन प्रोडक्ट और वन कुजीन की दिशा में प्रदेश आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जेवर में भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन रहा है और गौतमबुद्ध नगर देश में औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बन चुका है। आज देश में बनने वाले 55 प्रतिशत मोबाइल और लगभग 60 प्रतिशत इलेक्ट्रिक उत्पाद इसी क्षेत्र से तैयार हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों से उत्तर प्रदेश अब देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights